सावन सोमवार व्रत नियम का शुभारंभ, सुहागिन व कन्याओं ने रखा व्रत

*सावन सोमवार व्रत नियम का शुभारंभ, सुहागिन व कन्याओं ने रखा व्रत*

 

*शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़*

**************”****”

*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*

सिंगरामऊ (जौनपुर)। सावन मास के सोमवार व्रत का क्रम प्रारंभ होते ही सिंगरामऊ एवं आसपास के क्षेत्रों के शिवालयों में सोमवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कुंवारी कन्याओं और सुहागिन महिलाओं ने भगवान शिव की आराधना के लिए श्रद्धापूर्वक व्रत रखा तथा विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया।

मान्यता है कि सावन मास में कुंवारी कन्याएं मनोवांछित वर की प्राप्ति तथा सुहागिन महिलाएं अखंड सौभाग्य की कामना से सोमवार का व्रत रखती हैं। परंपरा के अनुसार अनेक महिलाएं सावन के पांच सोमवार का व्रत पूर्ण करने के लिए एक सोमवार पहले से ही व्रत का संकल्प लेती हैं।

 

सिंगरामऊ क्षेत्र के राजघराने स्थित गौरी शंकर मंदिर, स्वयंभू महादेव मंदिर (फिरोजपुर), नर्वदेश्वर महादेव मंदिर (तुलापुर) तथा राम कुबेर सेठ एवं राम कुबेर पुजारी द्वारा निर्मित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

 

स्वयंभू महादेव मंदिर के पुजारी सिंधु शुक्ला ने बताया कि सुबह से ही महिलाएं और कन्याएं भगवान शिव का जलाभिषेक कर भांग, धतूरा, मदार, बेलपत्र, घी, दूध, दही, मधु, अक्षत और गंगाजल सहित शिव की प्रिय सामग्री अर्पित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सायंकाल पूजन एवं आरती के उपरांत व्रती महिलाएं और कन्याएं जल ग्रहण कर फलाहार करेंगी।

 

सावन सोमवार के प्रथम व्रत पर क्षेत्र के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!