छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, अवैध आंदोलनों से दूर रहें: सुलतानपुर पुलिस

*छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, अवैध आंदोलनों से दूर रहें: सुलतानपुर पुलिस*

 

*बिना अनुमति जुलूस-धरना में शामिल होने पर होगी सख्त कार्रवाई, अभिभावकों व शिक्षकों से सहयोग की अपील*

दधीच विश्वकर्मा

सुलतानपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सुलतानपुर पुलिस ने महत्वपूर्ण सार्वजनिक अपील जारी की है। पुलिस ने आगाह किया है कि कुछ अराजक तत्व निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए छात्रों को बिना वैधानिक अनुमति के जुलूस एवं अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए उकसा रहे हैं। ऐसे आयोजन पूरी तरह अवैध एवं असंवैधानिक हैं।

पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल होने से न केवल जिले की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, बल्कि छात्रों का शैक्षणिक भविष्य भी गंभीर रूप से प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में विद्यार्थियों से संयम बरतने और किसी भी भ्रामक प्रचार या बहकावे में न आने की अपील की गई है।

सुलतानपुर पुलिस ने अभिभावकों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से भी विशेष सहयोग की अपेक्षा जताई है। अपील में कहा गया है कि वे छात्रों को कानून का सम्मान करने के लिए प्रेरित करें और उन्हें किसी भी अवैध या असंवैधानिक गतिविधि का हिस्सा बनने से रोकें।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनपद में पहले से धारा 163 बीएनएसएस प्रभावी है। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!