डीएम इंद्रजीत सिंह का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अमरूपुर में औचक निरीक्षण
बाउंड्रीवाल निर्माण का दिया आश्वासन, शिक्षा की गुणवत्ता, सुरक्षा, बिजली, स्वच्छता व छात्रावास की व्यवस्थाओं की जांच; छात्राओं से संवाद के लिए एसडीएम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित
दधीच विश्वकर्मा
सुल्तानपुर के विकासखंड प्रतापपुर कमैंचा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, अमरूपुर का गुरुवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लंभुआ प्रीति जैन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता तथा अन्य अधिकारियों के साथ विद्यालय परिसर, छात्रावास, कक्षाओं, रसोईघर, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
डीएम ने विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण कराने का आश्वासन दिया और कहा कि छात्राओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 12 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा शिक्षा की गुणवत्ता और शासन की गाइडलाइन के अनुपालन की लगातार निगरानी होगी।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं की समस्याओं को सीधे जानने और उनके त्वरित समाधान के लिए उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। नई इमारत में बिजली संबंधी
समस्या का समाधान कराया गया तथा खेलकूद एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवाल निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा गया।

पत्रकारों से बातचीत में डीएम ने कहा कि नहरों की सफाई का कार्य प्राथमिकता पर कराया जा रहा है ताकि सिंचाई का पानी अंतिम छोर तक पहुंच सके। बीवी-जी राम-जी (रोजगार एवं आजीविका मिशन) में ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़ी तकनीकी समस्याओं की मुख्य
विकास अधिकारी द्वारा समीक्षा की जा रही है और माह के अंत तक उनका समाधान करने का प्रयास होगा। वहीं ब्लॉक दिवस, ग्राम चौपाल और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए
सभी विभागों की नियमित समीक्षा की जा रही है। बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए ट्रांसफार्मर अपग्रेडेशन, फीडर सुधार तथा लाइन लॉस कम करने के लिए विशेष अभियान भी जारी है।
