*रामगंज रजवाहा नहर सूखी, धान रोपाई के बीच किसानों में बढ़ी चिंता*
********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ/जौनपुर। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में रामगंज रजवाहा नहर में पानी नहीं पहुंचने से क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है। नहर सूखी होने के कारण किसान मजबूरी में डीजल चालित ट्यूबवेल से सिंचाई कर धान की रोपाई कर रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि धान की नर्सरी पूरी तरह तैयार है, लेकिन समय पर नहर का पानी नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है। डीजल के बढ़ते दामों के कारण सिंचाई की लागत भी लगातार बढ़ रही है।
घाघपारा, बहरीपुर, रतासी, जमऊ पट्टी, फिरोजपुर, डंडारी, तुलापुर, धनी और गोपालपुर सहित दर्जनों गांवों के किसान नहर में पानी छोड़े जाने का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो धान की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
किसानों में हरिनारायण शुक्ला, डॉ. प्रकाश शुक्ला, संतोष राम, जय नारायण उपाध्याय, गिरीश चंद्र मिश्रा, वंश गोपाल, ग्राम प्रधान जमऊ पट्टी लालदेव यादव, रतासी के प्रधान फारूक सहित अन्य किसानों ने नहर विभाग के अधिकारियों से तत्काल नहर में पानी छोड़े जाने की मांग की है।
इस संबंध में नहर विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) अजीत सिंह ‘बंटी’ ने बताया कि नहर में पानी का स्तर बढ़ा दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लगभग एक सप्ताह के भीतर रामगंज रजवाहा नहर में पानी पहुंच जाएगा, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
