*बरईपार यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक संजय पटेल को भावभीनी विदाई*
*नए प्रबंधक सुनील सोनकर का स्वागत*
********************
*संवाद:माता चरण पांडे*
बरईपार, जौनपुर। बरईपार बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा के शाखा प्रबंधक संजय पटेल के स्थानांतरण पर मंगलवार को बैंक परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान बैंक कर्मचारियों, व्यापारियों और गणमान्य लोगों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नवागत शाखा प्रबंधक सुनील सोनकर का स्वागत किया गया।
संजय पटेल का स्थानांतरण गुजरात के अहमदाबाद स्थित शाखा में हुआ है। वे पिछले तीन वर्षों से बरईपार शाखा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। समारोह में सीमेंट व्यवसायी दिनेश यादव ने उन्हें माल्यार्पण कर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

व्यवसायी विनय सिंह ने कहा कि संजय पटेल के कार्यकाल में बैंक की कार्यप्रणाली पारदर्शी और ग्राहक हितैषी रही। वहीं समाजसेवी माता चरण पांडेय ने कहा कि ऋण लेने वाले ग्राहकों के प्रति उनका व्यवहार सदैव सरल और सहयोगात्मक रहा।

डॉ. सुनील पांडेय ने कहा कि शाखा प्रबंधक के कुशल नेतृत्व में ऋण वसूली का प्रदर्शन बेहतर रहा और ग्राहकों ने स्वेच्छा से बकाया ऋण का भुगतान किया। उन्होंने कहा कि शाखा को उत्कृष्ट बनाने में संजय पटेल का योगदान सराहनीय रहा। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए नवागत शाखा प्रबंधक सुनील सोनकर का स्वागत किया।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए संजय पटेल ने बरईपार क्षेत्र के लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सकारात्मक सहयोग के कारण बैंकिंग कार्य सुचारु रूप से संचालित हुआ और कार्यकाल हमेशा यादगार रहेगा।
इस अवसर पर बैंककर्मी प्रियंका मिश्रा, विनोद कुमार, फूलचंद्र, आदित्य, अतुल यादव, सुरेश यादव तथा उमेश उपाध्याय सहित अनेक ग्राहक और व्यापारी उपस्थित रहे।
