तेज आंधी से जनजीवन प्रभावित, पेड़ गिरने से युवती की दर्दनाक मौत

तेज आंधी से जनजीवन प्रभावित, पेड़ गिरने से युवती की दर्दनाक मौत

शिव पूजन मिश्र

सिंगरामऊ। क्षेत्र में गुरुवार शाम आई तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जबकि एक दर्दनाक हादसे में एक युवती की जान चली गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगरामऊ क्षेत्र के सिंघावल गांव निवासी सुरेश निषाद की 22 वर्षीय पुत्री रिंकी निषाद आंधी के दौरान पेड़ की चपेट में आ गई। तेज हवा के कारण पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे रिंकी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

तेज आंधी का प्रभाव सिंगरामऊ सहित आसपास के आधा दर्जन गांवों में देखने को मिला। कई ग्रामीणों के मकानों की टीन और पतरे उड़ गए, जिससे लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं तूफान की वजह से करीब चार दर्जन बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

 

स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने की मांग की है।

 

रिपोर्ट : तीखी आवाज़ समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!