*आबादी की जमीन विवाद में पड़ोसियों ने परिवार पर किया हमला, दो गंभीर रेफर*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ, जौनपुर। थाना क्षेत्र के साढ़ापुर गांव में आबादी की जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंग पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से हमला कर एक ही परिवार के कई लोगों को घायल कर दिया। घटना में दो युवकों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गांव निवासी हौसिला प्रसाद गौतम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी गिरजाशंकर गौतम से आबादी की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिसका मामला एसडीएम बदलापुर न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि मंगलवार सुबह गिरजाशंकर गौतम अपने पुत्रों कुंदन, चंदन और विपिन गौतम के साथ उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में हौसिला प्रसाद के बेटे, पत्नी और बेटी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सूरज गौतम और आकाश गौतम को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जौनपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुन्तज़र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
