नल से ज्वलनशील पदार्थ निकलने की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में ऑयल मोटर निकली वजह

*नल से ज्वलनशील पदार्थ निकलने की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में ऑयल मोटर निकली वजह*

*************************

*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*

बदलापुर, जौनपुर। सिगरा मऊ थाना क्षेत्र के डंडारी ग्राम पंचायत अंतर्गत रामीपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीण विजय बहादुर सिंह के घर लगे नल से ज्वलनशील पदार्थ मिश्रित पानी निकलने लगा। पानी से डीजल जैसी दुर्गंध आने के कारण ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार बदलापुर योगेंद्र पांडे, खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी, जेई राजकुमार, हल्का लेखपाल सौरभ सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अनूप सिंह तथा ग्राम रोजगार सेवक पंकज सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

 

जांच के दौरान पता चला कि लगभग तीन वर्ष पूर्व वहां इंडिया मार्का हैंडपंप लगाया गया था। बाद में उसमें एक हॉर्स पावर की ऑयल आधारित समरसेबल मोटर डाली गई थी। अधिकारियों ने आशंका जताई कि मोटर में लीकेज होने के कारण पानी के साथ ऑयल मिश्रित होकर बाहर आ रहा है।

 

तत्काल मैकेनिक को बुलाकर पुरानी मोटर निकलवाई गई और उसकी जगह नई मोटर लगाई गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई। कुछ देर तक नल चलाने के बाद पानी पूरी तरह साफ आने लगा।

 

तहसीलदार योगेंद्र पांडे ने बताया कि मामला काफी पेचीदा था, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि ऑयल मोटर के लीक होने से पानी में तेल मिश्रित हो रहा था। उन्होंने कहा कि दूषित पानी न तो पीने योग्य था और न ही खाना बनाने के लिए सुरक्षित। फिलहाल मोटर बदलने के बाद समस्या का पूरी तरह समाधान कर लिया गया है और अब स्वच्छ जल की आपूर्ति हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *