*नवोदय विद्या मंदिर रामीपुर मेढ़ा के छात्रों ने सीबीएसई परीक्षा परिणाम में लहराया परचम*
********************
संवाद शिवपूजन मिश्रा
जौनपुर। सिगरामऊ क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में स्थित नवोदय विद्या मंदिर, रामीपुर पुर मेढ़ा के विद्यार्थियों ने एक बार फिर सीबीएसई परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों की इस शानदार सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती।
विद्यालय के मेधावी छात्रों ने उच्च अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया। इस वर्ष कौशिक सिंह ने 89 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया, वहीं आर्यन पाठक ने 87 प्रतिशत, देव सिंह ने 85.02 प्रतिशत, आराध्या पाठक व यशी पांडेय ने 85-85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा वेदांत सिंह (84%), साहिल कुमार (83%), गणेश मौर्य (83%), अर्पित यादव (83%) तथा उत्कर्ष यादव (81.4%) ने भी उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर विद्यालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
विद्यालय के प्रबंधक राज नारायण तिवारी तथा प्रधानाचार्य प्रदीप तिवारी ने छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा था और इस वर्ष भी छात्रों ने उसी परंपरा को कायम रखा है।
छात्रों की इस सफलता से विद्यालय परिवार, प्रबंधन समिति, गुरुजनों एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यह विद्यालय लगातार बेहतर शैक्षणिक परिणाम देकर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
