*थ्रेसर की चपेट में आने से युवक की मौत, मड़ाई के दौरान हुआ हादसा*
********************
*संवाद माता चरण पांडे*
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के भदराव गांव में गुरुवार को मड़ाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना से गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार भदराव निवासी मुलायम बनवासी (35) इन दिनों गेहूं की मड़ाई का कार्य कर रहे थे। वह गांव के उपेंद्र सरोज के ट्रैक्टर पर रहकर मजदूरी करते थे। गुरुवार दोपहर वह पड़ोसी गांव चक मलाई स्थित राकेश गौतम के खेत में मड़ाई कर रहे थे। इसी दौरान गेहूं का बोझ खोलकर थ्रेसर में डालते समय अचानक वह मशीन की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि मृतक मूल रूप से बनकट (मोढ़) का निवासी था और विवाह के बाद से अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
