*तियरा इंडेन गैस एजेंसी पर उमड़ी भीड़, उपभोक्ता धूप में कतारबद्ध*
********************
*संवाद:अजय पांडे*
बदलापुर (जौनपुर)। क्षेत्र के तियरा स्थित सिद्धार्थ इंडेन गैस एजेंसी पर गुरुवार सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। एजेंसी खुलने से पहले ही लंबी कतार लग गई, जिसमें लोग कड़ाके की धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एजेंसी संचालक दया शंकर द्वारा एक दिन पूर्व ही टोकन वितरण किया गया, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इसके साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग 45 दिन के अंतराल पर ही की जा रही है। जिन उपभोक्ताओं ने 45 दिन पहले बुकिंग कराई थी, उन्हें ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

वितरण व्यवस्था के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी मौके पर तैनात रही और पूरी प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी। जमाखोरी की आशंका को देखते हुए सिगरामऊ व बदलापुर पुलिस द्वारा सख्ती बरती जा रही है, ताकि किसी प्रकार की कालाबाजारी न हो सके।
उपभोक्ता विशाल शर्मा और शैलेश विश्वकर्मा ने बताया कि करीब दो घंटे इंतजार के बाद उनका नंबर आया, हालांकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई और सभी को क्रमवार सिलेंडर दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि एजेंसी पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए थे, जिससे लंबी कतार लग गई, लेकिन टोकन व्यवस्था के चलते वितरण कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न होता रहा।
