*सुलतानपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 539 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, पुष्पवर्षा कर दिया गया आशीर्वाद*
दधीच विश्वकर्मा
सुलतानपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को एफटीआई परिसर, पयागीपुर में भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए 539 जोड़ों का विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।
समारोह में 532 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ, जबकि सात मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपरा के अनुसार कराया गया। एक ही मंच पर विभिन्न धर्मों के विवाह संपन्न होने से सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए सम्मान और सहयोग का माध्यम बनकर उभरी है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ कर सकें।
समारोह में मौजूद नवविवाहित जोड़ों के परिजनों ने योजना की मुक्त कंठ से सराहना की। उनका कहना था कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है। इससे बेटियों के विवाह का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम हुआ है और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने में बड़ी सहायता मिल रही है।
कुछ परिजनों ने सुझाव दिया कि भविष्य में सामूहिक विवाह समारोह में पारंपरिक हिंदू वैवाहिक परंपराओं, जैसे बारात आगमन, द्वारपूजा, स्वागत एवं अन्य सांस्कृतिक रस्मों को भी शामिल किया जाए। उनका मानना था कि इससे समारोह और अधिक पारिवारिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप ग्रहण करेगा तथा परिजन एवं अतिथि भी पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने का अवसर प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी 539 नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा नवविवाहित जोड़ों के परिजन उपस्थित रहे। पूरे समारोह में उत्साह, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
