आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ा तोहफा, मानदेय बढ़ोतरी का ऐलान करेंगे सीएम योगी

*आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ा तोहफा, मानदेय बढ़ोतरी का ऐलान करेंगे सीएम योगी*

 

*अयोध्या में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान होगी घोषणा, 71,310 नवनियुक्त कार्यकर्ता व सहायिकाएं होंगी लाभान्वित*

*******************

*संवाद :अरविंद कुमार*

अयोध्या। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मानदेय बढ़ाने की घोषणा करेंगे। प्रस्तावित बढ़ोतरी के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4 हजार रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 2 हजार रुपये की वृद्धि की जाएगी।

 

प्रदेश में करीब 3.28 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को इस फैसले का लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार की ओर से इसे मानदेय पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगात के तौर पर देखा जा रहा है।

 

71,310 नवनियुक्त कार्यकर्ताओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

 

महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य के अनुसार प्रदेश में 71,310 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती पूरी की गई है। इनमें 21,804 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 49,506 सहायिकाएं शामिल हैं। अयोध्या में आयोजित समारोह के दौरान नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।

 

करीब तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे मुख्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को करीब तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 2:50 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। यहां नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल होने के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे और मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा करेंगे।

 

कार्यक्रम के बाद शाम 4 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जीआईसी मैदान से राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वह प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और आरती में शामिल होंगे।

 

मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!