*औचक निरीक्षण में स्कूल की कई खामियां उजागर, दो शिक्षकों का वेतन रोका*
*******************
*संवाद: माता चरण पांडे*
जौनपुर/मुंगरा बादशाहपुर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने सोमवार को मुंगराबादशाहपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नौवाड़ाडीह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था, साफ-सफाई और सरकारी योजनाओं से जुड़ी कई कमियां सामने आईं।
निरीक्षण के समय सहायक अध्यापक अजय कुमार मिश्र और अर्चना कुमारी बिना सूचना अनुपस्थित मिले। बीएसए ने टाइम एंड मोशन शासनादेश का पालन नहीं करने पर दोनों का सितंबर माह का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों शिक्षकों से साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जांच में मिड-डे मील रजिस्टर में सितंबर की कोई प्रविष्टि नहीं मिली। कक्षाओं और परिसर में गंदगी के साथ रंगाई-पुताई की स्थिति भी खराब पाई गई। बच्चों का शैक्षिक स्तर अपेक्षित नहीं मिला।
विद्यालय में इको क्लब का गठन नहीं होने के अलावा कंपोजिट ग्रांट, टीएलएम और स्पोर्ट्स ग्रांट के उपयोग में भी अनियमितता सामने आई। वहीं, प्रधानाध्यापक हाजिरी लगाने के बाद विद्यालय में मौजूद नहीं मिले। बीएसए ने निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
