*10 दिन बाद मिला लापता युवक का शव, रक्षाबंधन से था गायब एसडीआरएफ टीम को भी नहीं मिली थी कामयाबी*
*******************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
बदलापुर। सिगरामऊ रक्षाबंधन के दिन से लापता गौरव उर्फ मोनू का शव सोमवार को उदपुर गेल्हवा गांव के पास पीली नदी से बरामद हुआ। करीब 10 दिन बाद शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर बदलापुर और सिंगरामऊ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों के मुताबिक गौरव उर्फ मोनू सपेरा का काम करता था और रक्षाबंधन के दिन से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। उसकी खोज के लिए एसडीआरएफ की टीम ने भी पीली नदी में अभियान चलाया था, लेकिन उस समय सफलता नहीं मिली थी।
सोमवार को उदपुर गेल्हवा गांव के समीप बांस की कोठ में फंसा ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही सिगरामऊ थाना प्रभारीअखिलेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी पीली नदी से एक अन्य युवक का शव बरामद हुआ था। दोनों युवक साथ रहते थे। हालांकि गौरव की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
थाना प्रभारी सिगरा मऊ अखिलेश मौर्य ने सोमवार शाम करीब छह बजे बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
