लोन दिलाने के नाम पर खाते लेकर साइबर ठगी, तीन गिरफ्तार

*लोन दिलाने के नाम पर खाते लेकर साइबर ठगी, तीन गिरफ्तार*

*75 शिकायतों से जुड़े बैंक खाते का खुलासा, तीन मोबाइल, एटीएम, चेकबुक व नकदी बरामद*

दधीच विश्वकर्मा

सुलतानपुर। लोन दिलाने का झांसा देकर बैंक खाते हासिल करने और साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कराने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, दो चेकबुक और सात हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जिस बैंक खाते से यह नेटवर्क जुड़ा था, उसके खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 75 शिकायतें दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, दोस्तपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर कला निवासी इंद्रजीत वर्मा के बेटे रवि कुमार ने फेसबुक पर मिले लिंक के जरिए मोबाइल बुक किया था। मोबाइल की डिलीवरी के लिए अतिरिक्त रुपये भेजने के नाम पर उसके मोबाइल नंबर पर एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से कई बार में 54,597 रुपये निकाल लिए गए। मामले में साइबर क्राइम थाना सुलतानपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।जांच के दौरान पुलिस ने उन बैंक खातों का पता लगाया, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने लोन दिलाने के नाम पर बैंक खाते हासिल किए थे। पुलिस का आरोप है कि इन खातों का इस्तेमाल सहयोगियों के साथ मिलकर बाहरी कंपनियों की मदद से कटिंग, ट्रेडिंग, कॉरपोरेट, गेमिंग और बैटिंग (सट्टा एप) से संबंधित धनराशि के लेन-देन में किया जा रहा था।

 

 *तीन आरोपी गिरफ्तार*

साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए धीरज कुमार पांडेय (33) निवासी बहरौली कुतुबपुर, थाना धम्मौर, आनंद राज वर्मा (32) निवासी सहसमलपुर दुल्लापुर, थाना दोस्तपुर और शैलेश कुमार वर्मा (39) निवासी डोमनपुर बगियागांव चौराहा, थाना जयसिंहपुर को गिरफ्तार किया।

 

*तीन मोबाइल और सात हजार रुपये बरामद*

पुलिस ने आरोपियों के पास से वीवो टी3एक्स 5जी, रेडमी और वीवो 1904 के तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, दो चेकबुक तथा कुल 7,000 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

*साइबर ठगी से बचने की अपील*

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल डिलीवरी, लोन, बैंक अपडेट, केवाईसी या किसी अन्य बहाने से भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक या मोबाइल बैंकिंग से जुड़ी जानकारी उपलब्ध न कराएं।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह, उपनिरीक्षक शिवजनम यादव, हेड कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल विक्रम सिंह और राजकुमार पाल शामिल रहे। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर वृजनारायण सिंह ने भी पुलिस कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!