*सस्ते सोने का झांसा देकर व्यापारी से 3 लाख की लूट*
*लापरवाही पर पांच पुलिसकर्मी निलंबित*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में सस्ते दाम पर सोना दिलाने का झांसा देकर व्यापारी से तीन लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। घटना की शिकायत मिलने के बावजूद समय से मुकदमा दर्ज न करने पर दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है।
रियायती दर पर सोना दिलाने के नाम पर बुलाया
शकरमंडी निवासी व्यापारी आकाश सेठ के अनुसार, उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन कर रियायती दर पर सोना उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया था। 25 अगस्त को वह अपने मित्र सौरभ प्रताप के साथ तीन लाख रुपये लेकर जलालपुर क्षेत्र के इजरी गांव पहुंचे। आरोप है कि वहां आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए तीन लाख रुपये लूट लिए।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह उर्फ पिंटू, शुभम सिंह और इंद्रजीत सरोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से लूटी गई तीन लाख रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल कार (UP65CF1241) बरामद की गई है। मामले में फरार चौथे आरोपी विशाल सिंह की तलाश जारी है।
मुकदमा दर्ज करने में देरी पर कार्रवाई
घटना की शिकायत के बावजूद समय पर मुकदमा दर्ज न करने की शिकायत पर डीआईजी वाराणसी रेंज के निर्देश पर जांच कराई गई। जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद उपनिरीक्षक राम भुवन यादव, रिक्रूट कांस्टेबल राज सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल शिवा सिंह, हेड मुहर्रिर संतोष मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र को निलंबित कर दिया गया।
डीआईजी ने स्पष्ट किया है कि अपराध से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
