*UP TET 2026 रिजल्ट जारी: 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल, 2.06 लाख शिक्षकों ने पास की परीक्षा*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने बुधवार रात करीब 9 बजे परीक्षा के परिणाम और सफलता के आंकड़े जारी किए। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
प्राथमिक स्तर पर 80.07 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल
प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 तक की परीक्षा में 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। इस स्तर का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07 प्रतिशत रहा।
वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें 7,59,513 अभ्यर्थी सफल रहे। उच्च प्राथमिक स्तर का सफलता प्रतिशत 71.85 प्रतिशत दर्ज किया गया।
2.06 लाख कार्यरत शिक्षकों ने पास की परीक्षा
UP TET में कार्यरत शिक्षकों का प्रदर्शन भी सामने आया है। प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,22,405 शिक्षकों में से 93,387 शिक्षक सफल हुए। इनका सफलता प्रतिशत 76.29 प्रतिशत रहा।
उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों ने परीक्षा दी थी। इनमें 1,13,384 शिक्षक सफल घोषित किए गए। इस वर्ग का सफलता प्रतिशत 77.45 प्रतिशत रहा।
कुल मिलाकर दोनों स्तरों पर 2,06,771 कार्यरत शिक्षक परीक्षा में सफल हुए हैं। वहीं, 2,68,799 शिक्षक इस परीक्षा में शामिल हुए थे। यानी 62,028 शिक्षक सफल नहीं हो सके।
2, 3 और 4 जुलाई को हुई थी परीक्षा
UP TET 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा पांच पालियों में आयोजित हुई थी। इनमें प्राथमिक स्तर के लिए दो और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए तीन पालियां रखी गई थीं।
इस बार परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
असफल शिक्षकों को मिल सकता है एक और मौका
UP TET में असफल रहे कार्यरत शिक्षकों के लिए राज्य सरकार विशेष TET परीक्षा कराने की तैयारी कर रही है। इसके जरिए शिक्षकों को परीक्षा पास करने का एक और अवसर मिलने की उम्मीद है। विशेष परीक्षा का नोटिफिकेशन सितंबर में जारी किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) की तारीख भी बदल दी गई है। CBSE अब CTET का आयोजन 6 सितंबर को करेगा। UP TET में असफल शिक्षक भी CTET में शामिल हो सकते हैं। यदि वे CTET पास कर लेते हैं तो उनकी नौकरी पर कोई खतरा नहीं होगा। CTET के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर निर्धारित की गई है।
स्कोरकार्ड और कटऑफ वेबसाइट पर
अभ्यर्थी अपना रिजल्ट, स्कोरकार्ड और कटऑफ UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। आयोग की ओर से परिणाम से जुड़ी तकनीकी सहायता और अन्य जानकारी के लिए हेल्पलाइन तथा ई-मेल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
