*प्रतापगढ़: वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी सौगात है ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना : प्रो. जयन्त खोत*
*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया योजना का शुभारंभ, प्रतापगढ़ में हुआ सजीव प्रसारण*
अनिल मिश्र 
प्रतापगढ़, 26 अगस्त 2026। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ किया तथा विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बुधवार को प्रतापगढ़ के तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं, अधिकारियों और परिवहन निगम के कर्मचारियों ने कार्यक्रम का अवलोकन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ के अध्यक्ष प्रो. जयन्त खोत रहे। उनके साथ जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य कुमार प्रजापति, उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रतापगढ़ डिपो के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
*वरिष्ठ महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. जयन्त खोत ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं एवं बेटियों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने महिलाओं से सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी सौगात और उपयोगी पहल है। इसके माध्यम से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाएं रोडवेज बसों में बिना शुल्क यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, खेल, प्रशासन, कला, विज्ञान समेत हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं।
*रक्षाबंधन पर महिलाओं को सहयात्री सहित मुफ्त यात्रा*
कार्यक्रम में बताया गया कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री सहित उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की समस्त बसों में 27 अगस्त प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त रात्रि 12 बजे तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस घोषणा पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने वरिष्ठ महिलाओं के लिए शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा योजना को सराहनीय पहल बताते हुए प्रदेश सरकार का आभार जताया।
महिलाओं को मिष्ठान व परिधान भेंट कर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि प्रो.जयन्त खोत ने उपस्थित महिलाओं को मिष्ठान एवं परिधान भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य कुमार प्रजापति ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में परिवहन निगम प्रतापगढ़ डिपो के अधिकारी एवं कर्मचारी सुरेश चन्द्र पाण्डेय, शिवाकान्त मिश्रा, सुरेन्द्र सिंह, रत्नाकर तिवारी, बृजेश सिंह, जय प्रकाश, सत्य प्रकाश सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय सहायक प्रथम महेन्द्र प्रताप सिंह ने किया।
