मंदिर से चोरी घंटा-घंटी और बैटरी बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
कादीपुर पुलिस ने खंडौरा मोड़ से दबोचा, मंदिर परिसर और दुकान से चोरी का आरोप
संवाददाता दधीच विश्वकर्मा
कादीपुर (सुल्तानपुर)। मंदिर परिसर से घंटा-घंटी और पास की दुकान से बैटरी चोरी करने के मामले में कादीपुर पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक बैटरी, मंदिर का एक घंटा और चार घंटियां बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर के निर्देश पर वांछित और संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी कादीपुर के निर्देशन में उपनिरीक्षक रामेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने मंगलवार को खंडौरा मोड़ से दोपहर करीब 1:05 बजे अनुराग पांडेय उर्फ अन्नू पुत्र राज कुमार पांडेय (20) और अयुष पांडेय उर्फ बंबू पुत्र सुनील पांडेय निवासी विजेथुआ राजापुर, थाना कादीपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से मंदिर से चोरी किया गया एक घंटा, चार घंटियां और एक बैटरी बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 287/2026 में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामेन्द्र वर्मा, हेड कांस्टेबल सत्यम कनौजिया, कांस्टेबल सुजीत कुमार, सूरज कुमार और नवीन कुमार शामिल रहे।
