पुलिस मुठभेड़ के दौरान, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली; साथी समेत गिरफ्तार

*पुलिस मुठभेड़ के दौरान, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली; साथी समेत गिरफ्तार*

प्रेम शर्मा

जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत सुईंथाखुर्द नहर पुलिया के पास शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से पकड़ लिया गया।

घायल बदमाश की पहचान थाना सरपतहां क्षेत्र के भेला गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव (35) के रूप में हुई है। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। दूसरा आरोपी सत्यम लोना उर्फ लल्लू (23) निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर है।

पुलिस के मुताबिक रिंकू यादव पर जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी और अयोध्या समेत कई जिलों में लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सत्यम लोना के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल आरोपी का उपचार कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!