*ईद-उल-अजहा की नमाज़ अमन व अकीदत के साथ सकुशल संपन्न*
*तीन ईदगाहों व नौ मस्जिदों पर रहा सख्त सुरक्षा इंतज़ाम, पुलिस बल रहा मुस्तैद*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिगरामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकद्दस त्योहार ईद-उल-अजहा की नमाज़ पूरी अकीदत, अमन व भाईचारे के माहौल में सकुशल संपन्न हुई। थाना क्षेत्र की तीन प्रमुख ईदगाहों तथा नौ मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज़ अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली की दुआ मांगी।
त्योहार के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सिगरामऊ थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतज़र स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे और लगातार सभी ईदगाहों व मस्जिदों का चक्रमण कर हालात का जायज़ा लेते रहे। उनके साथ पुलिस फोर्स पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दी।
हर ईदगाह पर सब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को सुरक्षा टीम का प्रतिनिधित्व सौंपा गया था, जबकि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। नमाज़ के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतज़र ने बताया कि पूरे थाना क्षेत्र की मस्जिदों व ईदगाहों को तीन सेक्टरों में तक्सीम किया गया था। प्रत्येक सेक्टर में अलग-अलग पुलिस टीमों की ड्यूटी लगाई गई थी ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनी रहे।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों, धर्मगुरुओं और पुलिस प्रशासन के बेहतर तालमेल की वजह से ईद-उल-अजहा का पर्व पूरी सौहार्दपूर्ण फिज़ा में सकुशल संपन्न हुआ। त्योहार के दौरान क्षेत्र में अमन, भाईचारा और गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली।
